झारखंड

झारखंड के हजारीबाग में रथयात्रा मेले के दौरान वज्रपात में 2 की मौत, दर्जन भर घायल

Ashwandewangan
20 Jun 2023 10:27 PM IST
झारखंड के हजारीबाग में रथयात्रा मेले के दौरान वज्रपात में 2 की मौत, दर्जन भर घायल
x

रांची। झारखंड के हजारीबाग में सिलवार स्थित जगन्नाथ पहाड़ी मंदिर पर मंगलवार को रथयात्रा मेले के दौरान वज्रपात से दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर लोग घायल हैं। इसके साथ ही झारखंड में पिछले 24 घंटों में वज्रपात की घटनाओं में 14 लोगों की जान चली गई है। बताया गया कि सिलवार स्थित पहाड़ी मंदिर से शाम सात बजे रथयात्रा निकाले जाने की तैयारी थी। मंदिर के पास हजारों श्रद्धालु जमा थे। इसी बीच मंदिर के करीब बरगद पेड़ पर अचानक वज्रपात के साथ चारों ओर चीख-पुकार मच गई। मंदिर के पुजारी विजय पांडेय का बेटा सुधांशु उर्फ धोनी (14 वर्ष) और अरुण कुमार(15 वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दर्जनभर लोग घायल हो गए। सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में भोला राणा(20 वर्ष), सोमर मुर्मू (18 वर्ष), कुमार(13 वर्ष), आकाश वर्मा, प्रमिला देवी एवं अन्य शामिल हैं।

आनन-फानन में एंबुलेंस व अन्य वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सिलवार से दो किमी दूर मेरू में भी शाम छह बजे वज्रपात में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। बता दें कि पिछले 24 घंटों में गुमला और हजारीबाग में तीन-तीन, रामगढ़, रांची, खूंटी और सिमडेगा में दो-दो लोगों की मौत वज्रपात की घटनाओं में हुई है।

--आईएएनएस

Ashwandewangan

Ashwandewangan

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story