झारखंड

तिरंगा लगाने के दौरान करंट लगने से तीन बच्चों को खोने वाले परिजनों को मिलेगा 15 लाख

Shantanu Roy
21 Aug 2022 4:26 PM GMT
तिरंगा लगाने के दौरान करंट लगने से तीन बच्चों को खोने वाले परिजनों को मिलेगा 15 लाख
x
बड़ी खबर
रांची। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने रांची के कांके क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान के दौरान अपने घर में तिरंगा लगाने के क्रम में करंट लगने से तीन बच्चों को खोने वाले परिजनों से 21 अगस्‍त को मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिजनों को 5-5 लाख (कुल 15 लाख) रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को अनुबंध पर तत्काल नौकरी देने का भरोसा दिलाया। मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने पीड़ित परिजनों से कहा कि दुःखद घटना में परिवार ने अपने तीन होनहार बच्चों को असमय खो दिया।
इसकी भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर वे आज पहुंचे है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मंत्री ने पीड़ित परिवार को कहा कि सहायता राशि जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके अलावा राज्य सरकार ने परिवार के एक सदस्य को अनुबंध पर नौकरी देने का निर्णय लिया है। उस पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति पर रोक लगाने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
Next Story