झारखंड

झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा ठप, दो हजार चालक और तकनीकी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

jantaserishta.com
19 Nov 2026 3:59 PM IST
झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा ठप, दो हजार चालक और तकनीकी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
x
रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े करीब दो हजार चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों के काम बंद करने से राज्य में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रभावित हुई है।
कर्मचारियों ने 18 नवंबर की रात आठ बजे से काम बंद किया। गुरुवार सुबह वे नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट के पास सड़क पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हजारीबाग, धनबाद समेत कई जिलों में भी कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा फरवरी 2025 से वेतन में कथित मनमानी कटौती की जा रही है। संघ ने इसकी जांच कराने और काटी गई राशि वापस करने की मांग की है। कर्मचारियों की मांगों में नौकरी की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा और बोनस का लाभ शामिल है।
संघ का आरोप है कि खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग और वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की शिकायतों पर भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के मुताबिक, इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई बातचीत में छठ पूजा तक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था। तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ और न ही दूसरी मांगों पर कोई ठोस कदम उठाया गया।
संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। 108 एंबुलेंस सेवा सड़क दुर्घटनाओं, प्रसव पीड़ा और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की अहम व्यवस्था है। ऐसे में हड़ताल से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में इसका असर अधिक पड़ सकता है। पोटका समेत कई प्रखंडों में पहले से ही कुछ एंबुलेंस खराब पड़ी हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से हड़ताल के दौरान मरीजों के लिए किसी वैकल्पिक व्यवस्था की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story