
Haryana हरियाणा: मानेसर नगर निगम क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी वालों के लिए 10 स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए विभिन्न स्थानों को चिह्नित कर लिया है, जहां आगे चलकर व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे।
निगम अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों पर रेहड़ी संचालकों को एक सुनियोजित तरीके से बैठाया जाएगा, ताकि वे अपने व्यवसाय को सुचारु रूप से चला सकें और सड़क किनारे अव्यवस्था की स्थिति न बने।
अभी फिलहाल अस्थायी रूप से कई जगहों को चिन्हित किया गया है। इन वेंडिंग जोन के बनने के बाद क्षेत्र में लगने वाले जाम और अव्यवस्थित रेहड़ियों की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम की योजना के तहत मानेसर, गांव गढ़ी, हरसरू, कासन, भांगरौला, सेक्टर 83, नखड़ौला, नौरंगपुर और पटौदी रोड पर हयातपुर चौक के पास स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इन सभी स्थानों का चयन इस तरह किया गया है कि ये मुख्य सड़कों से थोड़ा हटकर हों, जिससे यातायात प्रभावित न हो और लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस पहल का उद्देश्य न केवल रेहड़ी-पटरी व्यवसाय को व्यवस्थित करना है, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था को भी सुधारना है। लंबे समय से अव्यवस्थित रूप से लगी रेहड़ियों के कारण कई इलाकों में जाम की समस्या बनी रहती है।
नगर निगम का मानना है कि वेंडिंग जोन बनने से एक ओर जहां छोटे व्यापारियों को स्थायी और सुरक्षित स्थान मिलेगा, वहीं दूसरी ओर आम जनता को भी सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
फिलहाल, इन स्थानों पर आगे की योजना के अनुसार विकास कार्य शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है और जल्द ही इस परियोजना पर काम आगे बढ़ने की संभावना है।





