
x
अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ एएसपी कपिल चौधरी के द्वारा पिछले शनिवार को की गई कार्रवाई के बाद से एक भी बालू लदा हाईवा चक्रधरपुर नहीं पहुंचा. शनिवार को कार्रवाई के पूरे एक सप्ताह हो गये हैं
Chakradharpur: अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ एएसपी कपिल चौधरी के द्वारा पिछले शनिवार को की गई कार्रवाई के बाद से एक भी बालू लदा हाईवा चक्रधरपुर नहीं पहुंचा. शनिवार को कार्रवाई के पूरे एक सप्ताह हो गये हैं. इससे साफ पता चल रहा है कि प्रशासन की मिलीभगत से अवैध बालू कारोबार फल-फूल रहा था. बता दें कि शनिवार को एएसपी कपिल चौधरी ने चक्रधरपुर थाना के समीप बालू लदा तीन हाईवा व एक डंपर को पकड़ा था जिसके बाद से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है. हालांकि, हाईवा की धरपकड़ के बाद से ही चक्रधरपुर शहर में भी ट्रैक्टर से भी बालू की आवाजाही बंद हो गयी है. बता दें कि झारखंड में 18 अक्टूबर तक बालू उत्खनन पर एनजीटी की रोक लगी है. इसके बावजूद धड़ल्ले से संबंधित विभाग की मिलीभगत से अवैध बालू का कारोबार चल रहा था. लेकिन एसपी कपिल चौधरी की कार्रवाई के बाद पूरी तरह बंद है.
ओडिशा के चालान पर हो रहा था अवैध बालू का कारोबार
बालू माफिया ओडिशा के चालान पर अवैध बालू का कारोबार कर रहे थे. वह भी ओवरलोड बालू आ रहा था. लेकिन कभी भी ना तो पुलिस की कार्रवाई हुई और ना ही माइनिंग और डीटीओ की. जिस कारण बालू माफिया धड़ल्ले से अवैध बालू का कारोबार करते थे.
बालू लदा लदा तीन हाईवा और एक डंपर की जांच के बाद भी नहीं है कोई खुलासा
एएसपी कपिल चौधरी द्वारा पिछले शनिवार को पकड़े गए बालू लदे 3 हाईवा और एक डंपर की सूचना मिलने के बाद माइनिंग और डीटीओ की जांच पड़ताल हुई थी. लेकिन छह दिन बाद भी कोई रिपोर्ट नहीं आयी जिस कारण पकड़े गए चारों वाहन चक्रधरपुर थाना परिसर में खड़े हैं.
बालू के चालान में है कई प्रकार की त्रुटि
पुलिस द्वारा पकड़े गए बालू लदे हाईवा और डंपर के चालान में कई प्रकार की त्रुटि बतायी जा रही है. सूत्रों के अनुसार चालान में तारीख भी दर्ज नहीं है. बताया जाता है कि चालान में तारीख नहीं डालने के कारण एक चालान लेकर कई बार बालू लाया जाता था. बहरहाल, अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि सच्चाई क्या है.
बिना नंबर के हाईवा से अवैध बालू की ढ़ुलाई
हाईवा से अवैध बालू का कारोबार किया जा रहा है. लेकिन जिस हाईवा से बालू लाया जा रहा है उस पर नंबर नहीं है. लेकिन इस पर भी अब तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से कई प्रकार का सवाल उठ रहे हैं. चक्रधरपुर थाना में भी पकड़े गए हाईवा में पीछे तरफ नंबर नहीं है. अब देखना है कि उस पर कार्रवाई होती है या फिर मामला को रफा-दफा कर दिया जा रहा है.
Rakesh
Next Story





