जम्मू और कश्मीर

उधमपुर : जल शक्ति के स्थायी कर्मियों ने की 12 घंटे तक हड़ताल

Shiddhant Shriwas
19 Jun 2022 9:40 PM IST
उधमपुर : जल शक्ति के स्थायी कर्मियों ने की 12 घंटे तक हड़ताल
x

उधमपुर। डीपीसी लागू करने व अन्य लंबित मांगों को लेकर जल शक्ति विभाग के स्थायी कर्मचारियों ने शनिवार को 12 घंटे की हड़ताल कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विभाग कार्यालय के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी की और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

उधमपुर में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कर्मचारियों की हड़ताल चली। इसके कारण कई इलाकों में सुबह जलापूर्ति नहीं हुई। वहीं, दोपहर को पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले कर्मचारियों ने विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मोहम्मद रफीक व अन्य कर्मचारियों ने बताया कि करीब आठ वर्ष से सरकार ने डीपीसी लागू नहीं की है। इसलिए, कर्मचारियों की पदोन्नति नहीं रही है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार ने विभाग के चार डिवीजन नगर परिषद व नगर निगम को सौंप दिए हैं। नगर परिषद के अधीन किए जाने के कारण कर्मचारी ठीक से काम नहीं कर पा रहे। विभाग में स्थायी कर्मचारियों की संख्या 10 प्रतिशत ही बची है। जबकि, 90 प्रतिशत अस्थायी कर्मचारी काम कर रहे हैं, जिन्हें स्थायी नहीं किया जा रहा। उनकी मांग है कि हजारों कर्मचारियों को स्थायी करने की योजना बनाई जाए। अगर जल्द इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मौके पर हंस राज, जगन्नाथ, कमल देव, चैन सिंह, आदि कर्मचारी मौजूद थे।

Next Story