- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- मुठभेड़ में...
जम्मू और कश्मीर
मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी समेत दो दहशतगर्दों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया
Ritisha Jaiswal
7 Jun 2022 10:09 PM IST

x
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी समेत दो दहशतगर्दों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी समेत दो दहशतगर्दों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। इनसे हथियार भी बरामद किए गए हैं। मारे गए आतंकियों में एक कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट की हत्या में शामिल था। इसके साथ ही दक्षिण कश्मीर में शाम को हुई एक अन्य मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर किया गया। सुरक्षाबलों को घाटी में पिछले 24 घंटे में तीन अलग-अलग ऑपरेशन में दो पाकिस्तानी समेत चार आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली है। इनमें तीन आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह सुरक्षाबलों को चकतारस कुपवाड़ा में आतंकियों की मौजूदगी का पता चला। पुलिस ने सेना और सीआरपीएफ के साथ मिलकर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। घेरा सख्त होते देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक-एक कर दो आतंकी मार गिराए गए। आईजी विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकियों में एक पाकिस्तानी था जिसकी पहचान तुफैल और दूसरे स्थानीय आतंकी की शिनाख्त त्राल के इश्तियाक लोन के रूप में हुई है।
दोनों लश्कर-ए-तैयबा के थे, जिनके पास से दो एके 56 राइफलें बरामद हुई हैं। इनमें एक आतंकी का संबंध राहुल भट की हत्या में था। उन्होंने बताया कि राहुल भट की हत्या में दो आतंकी शामिल थे। इनमें से एक मारा गया है, एक की तलाश जारी है। अमरीन भट की हत्या में शामिल दोनों आतंकी मारे गए हैं। बैंक प्रबंधक विजय कुमार हत्याकांड में शामिल आतंकियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन पर शिकंजा कस लिया जाएगा।
इससे पूर्व उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर जालूरा के पानीपोरा जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने सोमवार को एक पाकिस्तानी आतंकी हंजाला को मार गिराया था जो पाकिस्तान के लाहौर का था। दूसरी मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के बादिमर्ग आलूरा में मंगलवार शाम को शुरू हुई जहां सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। सूत्रों के अनुसार और भी आतंकियों के छुपे होने की संभावना है। इलाके में ऑपरेशन जारी है
Next Story





