जम्मू और कश्मीर

रामबन के जंगलों का अनोखा शहद बना कन्नू प्रिया की सफलता की नई राह

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:30 AM IST
रामबन के जंगलों का अनोखा शहद बना कन्नू प्रिया की सफलता की नई राह
x
मधुमक्खी पालकों को सहारा, दुर्लभ शहद को बाजार दिला रहीं कन्नू प्रिया

कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के जंगलोट की रहने वाली कन्नू प्रिया ने प्रदेश के दुर्लभ सुलाई शहद को अपने स्टार्टअप की पहचान बनाया है। उनका उद्देश्य केवल कारोबार करना नहीं, बल्कि रामबन के जंगलों से मिलने वाले इस खास शहद को देशभर में पहचान दिलाना और स्थानीय मधुमक्खी पालकों की आजीविका को बढ़ावा देना है।

सुलाई शहद को वन तुलसी या वाइल्ड तुलसी का शहद भी कहा जाता है। कन्नू प्रिया के अनुसार, यह शहद रामबन के जंगलों में पाए जाने वाले एक विशेष पौधे के फूलों से मधुमक्खियों द्वारा एकत्र किए गए रस से तैयार होता है।

उन्होंने बताया कि इस शहद की विशिष्ट पहचान के कारण इसे भारत सरकार से जीआई टैग भी मिल चुका है। कन्नू प्रिया के मुताबिक, वर्ष 2015-16 के आसपास ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए उपहारों में रामबन का सुलाई शहद भी शामिल था।

जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय से मास्टर्स करने वाली कन्नू प्रिया को स्टार्टअप शुरू करने की प्रेरणा विश्वविद्यालय में आयोजित एंटरप्रेन्योरशिप वर्कशॉप से मिली। पढ़ाई के दौरान उन्होंने मशरूम पर शोध भी किया था।

इसी दौरान स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी जुटाते हुए उन्हें सुलाई शहद के बारे में पता चला। परिवार से प्रोत्साहन मिलने के बाद उन्होंने इस क्षेत्र में काम करने का निर्णय लिया।

रामबन के मधुमक्खी पालकों से मुलाकात और शहद की उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद कन्नू प्रिया ने इसे अपने स्टार्टअप का आधार बनाया।

अब वह रामबन के मधुमक्खी पालकों से कच्चा और शुद्ध शहद प्राप्त कर ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं।

कन्नू प्रिया का कहना है कि वह चाहती हैं कि जम्मू-कश्मीर के इस विशेष उत्पाद की पहचान देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचे। इसके साथ ही स्थानीय मधुमक्खी पालकों को उनके उत्पाद का बेहतर बाजार और सीधा आर्थिक लाभ मिल सके।

उनकी यह पहल स्थानीय प्राकृतिक उत्पादों को उद्यमिता से जोड़ने का उदाहरण प्रस्तुत करती है।

Next Story