- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- सफाई कर्मचारियों की...
सफाई कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी

जम्मू: म्यूनिसिपल वर्कर्स यूनियन ने सफाई साथियों की वरिष्ठता सूची को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट की है। यूनियन के अनुसार अमरनाथ यात्रा शुरू होने से कुछ महीने पहले जम्मू नगर निगम के आयुक्त के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को उठाया गया था।
यूनियन ने बताया कि प्रमुख मांगों में जेएमसी द्वारा नियमित किए जाने वाले एनजीओ सफाई साथियों की वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने तथा विभिन्न पदों पर पदोन्नति के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के मानदंडों में संशोधन शामिल था।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 19 सितंबर 2026 को यूनियन की दोबारा जम्मू नगर निगम आयुक्त के साथ बैठक हुई। इस दौरान आयुक्त ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग के आयुक्त/सचिव को पत्र भेजा गया है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि विभाग की ओर से करीब 1,500 सफाई कर्मचारियों (सफाई साथियों) की वरिष्ठता सूची तैयार कर ली गई है जिसे सचिवालय से जवाब मिलने के बाद जल्द जारी किया जाएगा।
यूनियन ने आरोप लगाया कि कुछ स्वयंभू नेता कर्मचारियों को भ्रमित करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं और उन्हें विभाग के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए उकसा रहे हैं। यूनियन ने कर्मचारियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और वरिष्ठता सूची जारी होने का इंतजार करें।
यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जल्द जारी होने की उम्मीद है।





