जम्मू और कश्मीर

नाटक, संगीत और नृत्य से जीवंत हुई माता वैष्णो देवी की पौराणिक कथा

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:39 PM IST
नाटक, संगीत और नृत्य से जीवंत हुई माता वैष्णो देवी की पौराणिक कथा
x
जम्मू में ‘माता की कहानी’ के दो मंचन, भव्य प्रस्तुति ने जीता दिल

जम्मू: माता वैष्णो देवी की पौराणिक गाथा शनिवार को जम्मू के अभिनव थिएटर में रंगमंच पर जीवंत हो उठी। नटरंग की चर्चित संगीत-नाट्य प्रस्तुति ‘माता की कहानी’ के दो मंचन हुए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। नाटक, संगीत, नृत्य और आकर्षक मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पद्मश्री बलवंत ठाकुर की परिकल्पना, निर्देशन और डिजाइन में तैयार इस प्रस्तुति में माता महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती की दिव्य शक्तियों के एकाकार होकर माता वैष्णो देवी के रूप में प्रकट होने की कथा दिखाई गई।

कलाकारों के अभिनय, पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य और शानदार लाइटिंग ने प्रस्तुति को खास बनाया। इसके माध्यम से आस्था, साहस, धर्म और आत्मबल का संदेश भी दिया गया।

इस आयोजन में विधायक अरविंद गुप्ता, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विशेष पॉल महाजन, मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जम्वाल और पद्मश्री ललित मगोत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रस्तुति में नीरज कांत ने सेट डिजाइन, सन्नी मुजू ने कोरियोग्राफी और पंकज शर्मा ने लाइटिंग डिजाइन की जिम्मेदारी निभाई। दर्शकों ने इस मंचन की भव्यता और कलात्मक प्रस्तुति की सराहना की।

Next Story