- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- आतंकवाद और बातचीत साथ...
आतंकवाद और बातचीत साथ नहीं चल सकते, डिप्टी सीएम चौधरी का बड़ा बयान

जम्मू: पाकिस्तान से बातचीत को लेकर जम्मू-कश्मीर की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने भाजपा को चुनौती देते हुए पाकिस्तान के साथ बातचीत पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। उन्होंने दावा किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस हमेशा से पड़ोसी देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंधों की पक्षधर रही है।
पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के नई दिल्ली पहुंचने पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि जब डॉ. फारूक अब्दुल्ला पाकिस्तान से बातचीत की वकालत करते थे, तब भाजपा उन्हें पाकिस्तान समर्थक बताती थी। उन्होंने कहा कि उनके नेता तब भी सही थे और आज भी सही हैं।
हालांकि, चौधरी ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। पाकिस्तान को संबंध सुधारने के लिए आतंकवाद का समर्थन बंद करना होगा और अपनी जमीन पर चल रहे आतंकी शिविर खत्म करने होंगे।
उन्होंने पुलवामा और किश्तवाड़ की हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद खत्म होने के दावों पर भी सवाल उठाए। वहीं, प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि फंड की कमी से सरकारी कामकाज और कर्मचारियों के भुगतान में मुश्किलें आ रही हैं। उन्होंने सभी विभागों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।





