जम्मू और कश्मीर

जम्मू-कश्मीर में मार्च की गर्मी से छूटे लोगो के पसीने, श्रीनगर भी नए रिकॉर्ड की ओर

Renuka Sahu
18 March 2022 1:29 AM GMT
जम्मू-कश्मीर में मार्च की गर्मी से छूटे लोगो के पसीने, श्रीनगर भी नए रिकॉर्ड की ओर
x

फाइल फोटो 

जम्मू-कश्मीर में मौसम इस बार समय से पहले ही गरमी लेकर आ गया है। आलम ये है कई ठंडे क्षेत्रों में तापमान ने मार्च माह का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जम्मू-कश्मीर में मौसम इस बार समय से पहले ही गरमी लेकर आ गया है। आलम ये है कई ठंडे क्षेत्रों में तापमान ने मार्च माह का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश में बटोत, कटड़ा और भद्रवाह में वीरवार को अधिकतम तापमान ने ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजधानी श्रीनगर भी ऑलटाइम रिकार्ड टूटने के करीब पहुंच गई है।

मौसम के लगातार साफ रहने के कारण कई जिलों में तपिश में भारी बढ़ोतरी हुई है। एक हफ्ते पहले ठंडक का अहसास ले रहे लोगों के पसीने छूटना शुरू हो गए हैं। अमूमन ठंडे रहने वाले घाटी के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 12 से 14 डिग्री तक ऊपर चला गया है। यही हाल जम्मू संभाग के जिलों का है। रात के न्यूनतम तापमान में भी भारी बढ़ोतरी से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग बढ़ा है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 19 मार्च को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन आगामी मौसम के लगभग साफ रहने से पारे में और उछाल आएगा। बटोत में वीरवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस डिग्री का यह स्तर मार्च माह में अब तक का सर्वाधिक है। इससे पहले बटोत में 20 मार्च 2010 को 27.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इसी तरह कटड़ा में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान ने मार्च के ऑलटाइम रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यह सामान्य से 9.8 डिग्री अधिक रहा। यहां इससे पहले 30 मार्च 2018 को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
अमूमन ठंडे रहने वाले भद्रवाह में भी अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जो सामान्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इससे पहले 31 मार्च 2018 को अधिकतम 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। जम्मू में पिछले छह दिन से दिन का तापमान सात डिग्री तक ऊपर आ गया है। इसमें गत 12 मार्च को 28.0, 13 मार्च को 29.2, 14 मार्च को 31.0, 15 मार्च को 32.2 और 16 मार्च को 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि वीरवार को दिन 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन दिनभर तपिश ने लोगों को परेशान किया। दोपहर को सीधी धूप में पसीने छूट रहे हैं।
गर्मी में अचानक बढ़ोतरी का असर बाजार पर भी दिख रहा है। लोग जरूरी खरीदारी के लिए अब शाम को ही बाहर निकल रहे हैं। जम्मू में बीती रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से थोड़ा चढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू 30 मार्च 2018 को 35.8, 29 मार्च 2017 में 35.3 और 30 मार्च 2021 में 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान सामान्य से 9.6 डिग्री ऊपर 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री चढ़कर 26.6, पहलगाम में सामान्य से 11.1 डिग्री चढ़कर 23.3 और गुलमर्ग में सामान्य से 12.3 डिग्री चढ़कर 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगामी दिनों में खास राहत नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार पिछले लंबे समय से मौसम साफ रहने के कारण अधिकांश जिलों में अचानक तापमान में बढ़ोतरी हुई है। आगामी दिनों में भी बड़े पश्चिमी विक्षोभ की संभावना नहीं है, जिससे तापमान में उछाल आएगा।
मार्च तिथि अधिकतम ऑलटाइम रिकॉर्ड
श्रीनगर 31 मार्च 2018 28.3 (डिग्री सेल्सियस)
जम्मू 31 मार्च 1945 37.2
पहलगाम 30 मार्च 2018 23.9
बनिहाल 30 मार्च 2007 29.0
Next Story