जम्मू और कश्मीर

कुलगाम आतंकी हमले पर सुनील शर्मा का हमला, बोले- गरीब और निर्दोषों को निशाना बनाना कायराना हरकत

SHIDDHANT
1 Aug 2026 9:00 PM IST
कुलगाम आतंकी हमले पर सुनील शर्मा का हमला, बोले- गरीब और निर्दोषों को निशाना बनाना कायराना हरकत
x
Jammu जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने दक्षिण कश्मीर में लगातार हो रही आतंकी घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक बताते हुए आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सुनील शर्मा ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में दस दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले अनंतनाग में हेड कांस्टेबल आशिक कुरैशी की हत्या हुई थी और अब कुलगाम के किलम इलाके में दो मजदूरों को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि यह घटना मानवता के खिलाफ है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने बताया कि वह पीड़ित परिवारों से मिले हैं। उनके अनुसार, दोनों परिवार बेहद गरीब हैं और अपने घर से दूर रोजी-रोटी कमाने के लिए आए थे। सुनील शर्मा ने सवाल उठाया कि गरीब, निहत्थे और निर्दोष युवाओं को निशाना बनाना किस तरह का संघर्ष है। उन्होंने इसे कायराना और निंदनीय कृत्य बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने पीड़ित परिवारों की बातचीत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से कराई है। उन्होंने दावा किया कि दोनों परिवारों को सरकार की ओर से सहायता का आश्वासन मिला है और स्थानीय प्रशासन से भी मदद की उम्मीद है।
सुनील शर्मा ने सुरक्षा बलों से आतंकवाद के पूरे नेटवर्क और उसके समर्थन तंत्र को खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घाटी में हाल के समय में शांति का माहौल बना था, लेकिन पाकिस्तान समर्थित आतंकी तत्व उसे बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई।
फारूक अब्दुल्ला के राज्य का दर्जा और आतंकवाद को जोड़ने वाले बयान पर भी सुनील शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा देना भारतीय संसद का अधिकार है, जबकि आतंकवाद पाकिस्तान द्वारा चलाया जा रहा छद्म युद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान सुरक्षा बलों का मनोबल कमजोर करते हैं और आतंकवादियों को बढ़ावा देते हैं।
Next Story