जम्मू और कश्मीर

Srinagar: कुलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार का फैसला, हर पीड़ित परिवार को 10 लाख

Admindelhi1
1 Aug 2026 1:24 PM IST
Srinagar: कुलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार का फैसला, हर पीड़ित परिवार को 10 लाख
x
कुलगाम हमले के पीड़ितों को आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री ने घोषित किए 10 लाख रुपये

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कुलगाम आतंकी हमले में दो बाहरी मज़दूरों की हत्या की कड़ी निंदा की और मारे गए लोगों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख की मुआवज़ा राशि देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक्स पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने इस हमले को कायरतापूर्ण हरकत बताया और बेगुनाह लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख की मुआवज़ा राशि ज़िला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को पहले से दी जा रही 6 लाख की तत्काल राहत राशि के अलावा दी जाएगी।

उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की और दोहराया कि इस मुश्किल समय में जम्मू-कश्मीर सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

बता दें कि शुक्रवार को कुलगाम में आतंकियों द्वारा किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई है।

मृतकों की पहचान दीपक रैट्रे (24) पुत्र उमा शंकर और बोपिंदर (28) पुत्र दसराड़ के तौर पर हुई है। ये दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और कश्मीर में प्रवासी मज़दूर के तौर पर काम कर रहे थे।

Next Story