जम्मू और कश्मीर

मोबाइल सुरक्षा के क्षेत्र में एसएमवीडीयू और आईआईटी जम्मू की साझेदारी

Admindelhi1
14 Oct 2026 11:03 AM IST
मोबाइल सुरक्षा के क्षेत्र में एसएमवीडीयू और आईआईटी जम्मू की साझेदारी
x
साइबर सुरक्षा के नए प्रयासों के लिए एसएमवीडीयू-आईआईटी जम्मू में समझौता

जम्मू: श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू), कटड़ा और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू ने मोबाइल उपकरणों की सुरक्षा और साइबर सुरक्षा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सहयोग इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की सूचना सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता (आईएसईए-III) परियोजना के तहत किया गया है।

समझौते के तहत आईआईटी जम्मू मोबाइल डिवाइस सिक्योरिटी क्लस्टर के प्रमुख संस्थान के रूप में एसएमवीडीयू के साथ मिलकर काम करेगा। इसमें स्मार्टफोन सुरक्षा, मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम की कमजोरियों, मैलवेयर विश्लेषण, मोबाइल फॉरेंसिक, सुरक्षित एप्लीकेशन विकास और डिजिटल गोपनीयता जैसे विषयों पर काम किया जाएगा। इसके अलावा संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों, शिक्षक प्रशिक्षण और विद्यार्थियों की इंटर्नशिप को बढ़ावा दिया जाएगा।

एमओयू पर एसएमवीडीयू के रजिस्ट्रार अजय कुमार शर्मा और आईआईटी जम्मू के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अनिल सैनी ने हस्ताक्षर किए। इस पहल का समन्वय एसएमवीडीयू के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवीन कुमार गोंधी और डॉ. पूजा शर्मा ने किया। हस्ताक्षर समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार सहित अनुसंधान एवं विकास के डीन प्रो. ए.के. दास, स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की प्रमुख डॉ. सुनंदा और आईआईटी बॉम्बे की ट्रस्ट लैब्स के कार्यक्रम निदेशक मुकुल जोशी उपस्थित रहे।

इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान और शोध के अवसर उपलब्ध कराने के साथ कुशल पेशेवर तैयार करना है। इससे जम्मू-कश्मीर में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में शिक्षा, नवाचार और डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Next Story