जम्मू और कश्मीर

Shrinagar : नया जोश, वंदे भारत ट्रेन ने बढ़ाई रोमांचक यात्रा

Saba Naaz
8 Jun 2025 7:52 PM IST
Shrinagar : नया जोश, वंदे भारत ट्रेन ने बढ़ाई रोमांचक यात्रा
x
Srinagar श्रीनगर : कश्मीर में बेहतरीन सुविधाओं से युक्त पहली वंदे भारत ट्रेन में यात्रा से लोगों के चेहरे खिल उठे। उद्घाटन के अगले दिन शनिवार को लोगों ने श्रीनगर-कटड़ा वंदे भारत की इस यात्रा का भरपूर लुत्फ उठाया।
कुछ लोगों ने अपनी खुशी केक काट कर जाहिर की, तो कुछ लोग कश्मीर की वादियों में सड़क मार्ग के कष्टप्रद यात्रा के अनुभवों को याद करते हुए भावुक हो गए। लोगों के इस अत्याधुनिक और ऐतिहासिक यात्रा से कश्मीर की घाटी खिलखिला रही है। शानदार और यादगार यात्रा के लिए लोगों ने मोदी सरकार की तारीफ की। यह ट्रेन कश्मीर वासियों के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि 10 घंटे का सफर अब तीन घंटे में पूरा हो रहा है।
ट्रेन में सफर करने वाले कश्मीरी पंडित मोहन लाल ने बताया कि जो काम अंग्रेज नहीं कर पाए, वह मोदी सरकार ने कर दिखाया है। बीकानेर के पर्यटक अशोक कुमार खजांची ने अनुभव साझा करते हुए कहा, हम लोग बीकानेर से मुंबई आए और वहां से श्रीनगर गए। हमने जब सुना कि वंदे भारत चल रही है तो हमने जम्मू तवी के लिए टैक्सी की बुकिंग रद्द कर दी और वंदे भारत का टिकट लिया। इसकी यात्रा बेहद आरामदायक रही। खजांची ने कहा, मेरे पैर में फ्रैक्चर है, लेकिन इस ट्रेन ने इस यात्रा को सुगम बना दिया। एक अन्य यात्री ने बताया कि पहले जम्मू जाने का मतलब था लंबी फ्लाइट और टैक्सी यात्रा।
अब वंदे भारत ने इस यात्रा को उड़ान से लगने वाले समय के समान कर दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब आर्च ब्रिज देश को समर्पित किया था और कटड़ा से दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी। यह जम्मू संभाग को कश्मीर की वादियों से जोड़ती है। यात्री शांति स्वरूप ने बताया कि यह सपना सच होने जैसा है। मैं हर बार कटड़ा आता हूं, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि सिर्फ तीन घंटे में श्रीनगर पहुंच जाऊंगा, वह भी इतने कम खर्च में। कटड़ा से श्रीनगर सड़क से यात्रा करना एक दु:स्वप्न जैसा था, लेकिन अब यह सपना सच होने जैसा है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि भारत तकनीकी के क्षेत्र में अन्य देशों की तुलना में कहीं बेहतर कर रहा है।
Next Story