जम्मू और कश्मीर

अमरनाथ धाम में मानवता की मिसाल, साहिल कर रहे सेवा

Saba Naaz
10 July 2026 3:57 PM IST
अमरनाथ धाम में मानवता की मिसाल, साहिल कर रहे सेवा
x

श्रीनगर। पवित्र अमरनाथ यात्रा में जहां देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों सेवाभावी लोग यात्रियों की सुविधाओं और सहायता के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा में लगे 122 लंगर संगठन मानवता और समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं। इन्हीं सेवाभावियों में हरियाणा के करनाल निवासी 17 वर्षीय साहिल भी शामिल हैं, जिनकी सेवा भावना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

अमरनाथ यात्रा के दौरान पहलगाम और बालटाल मार्ग से लेकर पवित्र गुफा तक कुल 122 लंगर संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन संगठनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न सेवा दल शामिल हैं। हजारों सेवादार कठिन परिस्थितियों के बावजूद यात्रियों की मदद में लगे हुए हैं।

करनाल के रहने वाले 17 वर्षीय साहिल भी इसी सेवा अभियान का हिस्सा हैं। वह लंगर में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ थके हुए श्रद्धालुओं की सहायता करते हैं। यात्रा के दौरान लंबे पैदल सफर से परेशान और थक चुके यात्रियों को साहिल पानी और नींबू पानी पिलाते हैं। इसके अलावा वह श्रद्धालुओं के पैर दबाकर उन्हें राहत पहुंचाने का काम भी करते हैं।

साहिल का कहना है कि भगवान शिव के प्रति आस्था और सेवा भाव ही उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित करता है। उनका मानना है कि श्रद्धालुओं की सेवा करना भी बाबा अमरनाथ की सेवा के समान है। वह इस उम्मीद के साथ सेवा कर रहे हैं कि कभी न कभी उन्हें भगवान शिव के चरणों की सेवा का अवसर प्राप्त होगा।

साहिल की इस भावना को देखकर कई श्रद्धालु भावुक हो जाते हैं और उनकी सराहना करते हैं। कठिन पहाड़ी रास्तों, ठंडे मौसम और थकान के बावजूद साहिल लगातार यात्रियों की मदद में जुटे रहते हैं। उनकी छोटी सी उम्र में सेवा का यह जज्बा लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

वहीं ग्वालियर से आए श्यामलाल और अनारकली दंपती भी अमरनाथ यात्रा में सेवा कर रहे हैं। दोनों लंगर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार करने के साथ-साथ बर्तन साफ करने और अन्य कार्यों में सहयोग दे रहे हैं। उनका कहना है कि बाबा अमरनाथ के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

अमरनाथ यात्रा में लगे ये सेवाभावी लोग बिना किसी स्वार्थ के श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं। कोई भोजन उपलब्ध करा रहा है तो कोई पानी पिला रहा है, वहीं कई लोग यात्रियों को रास्ते में आराम और जरूरी मदद पहुंचा रहे हैं। इन सेवाओं के कारण कठिन यात्रा भी श्रद्धालुओं के लिए आसान बन रही है।

अमरनाथ धाम में साहिल जैसे युवा और श्यामलाल-अनारकली जैसे सेवादार यह संदेश दे रहे हैं कि सेवा और मानवता किसी उम्र या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। श्रद्धा, समर्पण और सहयोग की ऐसी तस्वीरें यात्रा को और भी विशेष बना रही हैं।

Next Story