जम्मू और कश्मीर

सरदार पटेल जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता में रिधिता ने बाजी मारी

Admindelhi1
24 Oct 2026 10:04 AM IST
सरदार पटेल जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता में रिधिता ने बाजी मारी
x
सरदार पटेल जयंती पर युवाओं ने वाद-विवाद में दिखाया हुनर

कठुआ: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 19वीं जेकेएपी आईआर कठुआ की ओर से बटालियन मुख्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘सोशल मीडिया-वरदान या अभिशाप’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के नौ स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा मुख्य अतिथि जबकि एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने, तार्किक सोच विकसित करने और तकनीक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने एकता, देशभक्ति और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने पर भी जोर दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर विचार रखे। जहां उन्होंने सूचना, संवाद और शिक्षा के क्षेत्र में सोशल मीडिया की उपयोगिता बताई, वहीं भ्रामक सूचनाओं, साइबर बुलिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग जैसी चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला। निर्णायक मंडल में राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के प्रोफेसर डॉ. यश पाल शर्मा और डॉ. गौतम सिंह ललोतरा शामिल रहे।

प्रतियोगिता में जेके पब्लिक स्कूल कठुआ की रिधिता जसरोटिया ने प्रथम स्थान हासिल कर 7,500 रुपये का पुरस्कार जीता। जम्मू संस्कृत स्कूल कठुआ के आर्यन ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 5,000 रुपये जबकि राजकीय बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठुआ के नितिन कलोत्रा ने तीसरा स्थान हासिल कर 3,000 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। डीपीएस कठुआ की अक्सा फारूक और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठुआ की नाजिया अख्तर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र दिए गए जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर 19वीं जेकेएपी आईआर कठुआ के कमांडेंट अतुल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसी रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। इससे उनमें विश्लेषणात्मक क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल और समसामयिक मुद्दों की समझ विकसित होती है।

Next Story