- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- रिटायर्ड कर्मचारियों...
रिटायर्ड कर्मचारियों ने लंबित देनदारियां चुकाने की उठाई मांग

जम्मू: ऑल जम्मू-कश्मीर एसआरटीसी वॉलंटियर रिटायर्ड एम्प्लॉइज एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जम्मू के प्रेस क्लब के पास एग्जीबिशन ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष देव राज बाली के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने परिवहन विभाग और एसआरटीसी प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 13 वर्षों से वे अपने बकाया भुगतान के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके भुगतान से जुड़े बिल वित्त विभाग में लंबित पड़े हैं।
एसोसिएशन ने दावा किया कि लंबे संघर्ष के दौरान 78 रिटायर्ड कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द बकाया राशि जारी करवाने की अपील की। उनकी प्रमुख मांगों में 1999 से 2005 तक का कोला एरियर, जनवरी 2006 से अप्रैल 2012 तक छठे वेतन आयोग का एरियर और डीए का बकाया शामिल है।
प्रदर्शन में सत भूषण सिंह, बलविंदर सिंह, सुरिंदर कुमार, पी.पी. सिंह और रोमेश सिंह बाऊ सहित कई सदस्य मौजूद रहे।





