- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Ramban : भीषण सड़क...
Ramban : भीषण सड़क हादसा, ट्रक खाई में गिरने के बाद आग लगी

Jammu जम्मू: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के रामसू क्षेत्र के गांगरू इलाके में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक चालक और सहचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, चूना पत्थर (लाइमस्टोन) और वाल पुट्टी से लदा एक ट्रक जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था। ट्रक जैसे ही गांगरू क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी वह अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से फिसलकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
ट्रक का नंबर JK16A-0693 बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन तड़के सुबह के समय तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक गिरते समय सबसे पहले केबिन के हिस्से के बल टकराया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ ही क्षणों बाद ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
आग लगने के कारण चालक और सहचालक केबिन के अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था और दोनों शव बुरी तरह झुलस चुके थे।
पुलिस ने बताया कि शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है, खासकर रात और तड़के के समय।





