जम्मू और कश्मीर

जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव की तैयारियों को लेकर हलचल तेज

Admindelhi1
20 Oct 2026 4:19 PM IST
जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव की तैयारियों को लेकर हलचल तेज
x
दरबार मूव के संबंध में जम्मू-कश्मीर सरकार ने जारी की अधिसूचना

जम्मू: जम्मू-कश्मीर सरकार ने सर्दियों के मौसम 2026-27 के लिए श्रीनगर से जम्मू दरबार मूव का आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत श्रीनगर में सरकारी कार्यालय 30 और 31 अक्टूबर को बंद होंगे जबकि 2 नवंबर से जम्मू में दोबारा कामकाज शुरू होगा।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले कार्यालय 30 अक्टूबर को और छह दिन काम करने वाले कार्यालय 31 अक्टूबर को कार्यालय समय के बाद बंद होंगे। सभी स्थानांतरित कार्यालय 2 नवंबर, सोमवार को जम्मू में खुलेंगे।

आदेश के मुताबिक कुछ कार्यालय पूरी तरह जम्मू स्थानांतरित होंगे जबकि कुछ कैंप कार्यालय के रूप में काम करेंगे। कैंप कार्यालयों में कुल कर्मचारियों के 33 प्रतिशत या अधिकतम 10 कर्मचारियों में से जो संख्या कम होगी उन्हें स्थानांतरित किया जाएगा, जब तक अलग से कोई विशेष निर्देश न दिया गया हो।

कर्मचारियों को जम्मू पहुंचाने के लिए बसें 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को उपलब्ध रहेंगी। टिकट 27 अक्टूबर से अग्रिम जारी किए जाएंगे। पुलिस काफिलों को सुरक्षा प्रदान करेगी और प्रमुख सुरंगों से उनकी आवाजाही सुनिश्चित करेगी।

सरकार ने दरबार मूव करने वाले प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 25 हजार रुपये विशेष यात्रा भत्ता देने का फैसला किया है। वहीं अक्टूबर महीने का वेतन 29 अक्टूबर को जारी किया जाएगा।

श्रीनगर के सिविल सचिवालय में विंटर सचिवालय भी स्थापित किया जाएगा जहां प्रत्येक विभाग से एक एक गजटेड और चार नान गजटेड कर्मचारी तैनात रहेंगे।

जम्मू में सिविल सचिवालय और उसके परिसर में स्थित विभागाध्यक्षों के कार्यालयों का समय सुबह 9ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक रहेगा। वहीं सचिवालय परिसर से बाहर स्थित छह दिन कार्य करने वाले स्थानांतरित विभागाध्यक्ष कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 4ः30 बजे तक खुलेंगे।

Next Story