- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- कटरा में अनधिकृत पोनी...
जम्मू और कश्मीर
कटरा में अनधिकृत पोनी संचालक पर कार्रवाई, पुलिस ने दर्ज किया केस
SHIDDHANT
21 March 2026 8:34 PM IST

x
Reasi रियासी। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बीच जिला पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कटरा में बिना वैध पंजीकरण के पोनी (घोड़ा) संचालन करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि आरोपी की पहचान उधमपुर जिले के राकेश कुमार पुत्र शंकर चंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस स्टेशन कटरा में एफआईआर नंबर 78/2026 धारा 223 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में पाया गया कि आरोपी बिना अनिवार्य रजिस्ट्रेशन कार्ड के पोनी हैंडलर के रूप में कार्य कर रहा था, जो निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
उल्लेखनीय है कि चैत्र नवरात्रि के दौरान कटरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। यह पूरी कार्रवाई आईसी पीपी बाणगंगा और थाना प्रभारी कटरा इंस्पेक्टर रंजीत सिंह राव के नेतृत्व में की गई। इस ऑपरेशन की निगरानी एसडीपीओ कटरा डॉ. भीष्म दुबे (जेकेपीएस) और एसपी कटरा विपन चंद्रन (जेकेपीएस) द्वारा की गई।
रियासी एसएसपी परमवीर सिंह ने यह स्पष्ट किया है कि कटरा जैसे अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उल्लंघन को कानून के अनुसार सख्ती से निपटाया जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।
आपको बताते चलें कि जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर भक्तों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पूरा इलाका भक्ति के माहौल में डूबा है। हर तरफ 'जय माता दी' के जयकारे गूंज रहे हैं।
Tagsरियासीकटरावैष्णो देवीचैत्र नवरात्रिपोनी संचालकपुलिस कार्रवाईबीएनएस धारा 223रंजीत सिंह रावपरमवीर सिंहसुरक्षा व्यवस्थाश्रद्धालु भीड़जनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





