- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- 6 जून को जम्मू आ सकते...
6 जून को जम्मू आ सकते हैं PM मोदी, सुरक्षा हाई अलर्ट पर

Jammu.जम्मू। देश में ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने वाले सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाने के अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह जून को जम्मू आ सकते हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, छह जून को प्रधानमंत्री के दौरे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस संबंध में सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में उनके दौरे का कार्यक्रम तय कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री इस समय देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर रहे हैं और आतंकवाद को समर्थन दे रहे पाकिस्तान को कड़ा संदेश दे रहे हैं कि भारत निर्णायक कार्रवाई करेगा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सशस्त्र बलों के साथ सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे।
इस दौरान गोलीबारी में आतंकियों के लॉन्च पैड के साथ ही कई पाकिस्तानी चौकियां भी तबाह हो गईं। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में जम्मू-कश्मीर में 28 लोग मारे गए थे। फिलहाल, राज्य में सेना और सुरक्षा बल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से उत्साहित हैं और दुश्मन को कड़ा सबक सिखाने के लिए सीमा पर मुस्तैद हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री का जम्मू दौरा न केवल सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि उन लोगों में भी उत्साह भरेगा जो चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा हो और पाकिस्तान को उसकी करनी की सजा मिले।





