जम्मू और कश्मीर

पाकिस्तान को हर आतंकी गतिविधि का परिणाम भुगतना पड़ेगा : सतपाल शर्मा

SHIDDHANT
17 Nov 2025 9:03 PM IST
पाकिस्तान को हर आतंकी गतिविधि का परिणाम भुगतना पड़ेगा : सतपाल शर्मा
x
Jammu जम्मू। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हालिया बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला और कहा कि पाकिस्तान की हर उकसाने वाली हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान पहले भी अपनी करतूतों की वजह से बुरी तरह हारा है और यदि वह फिर ऐसी गलती करेगा तो परिणाम उसके लिए और भी गंभीर होंगे। सतपाल शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान नब्बे घंटे से भी कम समय में घुटनों पर आ गया था। वह देश जो खुद को परमाणु शक्ति बताता था, अपनी गलतियों की वजह से ही हर बार मुंह की खाता है। अगर वह फिर से किसी प्रकार की साजिश रचने की कोशिश करता है, तो उसके परिणाम उसे भुगतने ही होंगे। सबूत साफ तौर पर पाकिस्तान की भूमिका को दर्शाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सेना प्रमुख और पूरा देश यह मानता है कि यह एक परीक्षा थी और पाकिस्तान को साफ संदेश मिल चुका है। दिल्ली बम विस्फोट मामले पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के बयान की आलोचना करते हुए सतपाल शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों तक अस्थिरता की स्थिति इन्हीं लोगों की राजनीति का नतीजा रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हालात इन्हीं लोगों की वजह से बिगड़े। अनुच्छेद 370 हटने के बाद शांति आई है, लेकिन ये लोग कभी शांति स्वीकार नहीं कर सकते। कांग्रेस की नीतियों ने भी स्थिरता को बढ़ावा नहीं दिया। महबूबा मुफ्ती आज भी उसी मानसिकता को बढ़ावा दे रही हैं। सतपाल शर्मा ने कहा कि आज देश को उन सभी तत्वों के खिलाफ एकजुट होना होगा जो देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं।

जो भी देश के खिलाफ काम करेगा, हमें उसके खिलाफ खड़ा होना होगा। दिल्ली विस्फोट मामले में आमिर राशिद को एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर शर्मा ने कहा कि देश को नुकसान पहुंचाने की नीयत रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। जो लोग देश में अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी हमेशा यही मानती आई है, और मैं भी यही मानता हूं।सतपाल शर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उनके देशनायक योगदान को याद किया और कहा कि आज भारत एकजुट है तो उसमें पटेल का ऐतिहासिक योगदान सबसे बड़ा है। 560 रियासतों का एकीकरण कोई साधारण कार्य नहीं था। यह पटेल के संकल्प, साहस और दूरदृष्टि का परिणाम था। आज भारत जिस स्वरूप में है, उसमें पटेल की भूमिका अविस्मरणीय है। उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का मंत्र ही विकास और एकता का आधार है। भाजपा इसी सिद्धांत पर काम कर रही है।
Next Story