जम्मू और कश्मीर

पद्मश्री बलवंत ठाकुर को स्थापना दिवस समारोह में किया जाएगा सम्मानित

Admindelhi1
29 Oct 2026 12:00 PM IST
पद्मश्री बलवंत ठाकुर को स्थापना दिवस समारोह में किया जाएगा सम्मानित
x
पद्मश्री बलवंत ठाकुर को सम्मानित करने की तैयारी, स्थापना दिवस पर आयोजन

जम्मू: महाराष्ट्र के लोक भवन, मुंबई में 30 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित रंगकर्मी बलवंत ठाकुर को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें भारतीय रंगमंच और देश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।

जम्मू में वर्ष 1983 में नटरंग की स्थापना करने वाले बलवंत ठाकुर ने चार दशकों से अधिक समय तक रंगमंच और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में योगदान दिया है। उनके चर्चित नाटकों बावा जित्तो, घुमाई और महाभोज सहित माता की कहानी को व्यापक सराहना मिली है। उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति कलर्स ऑफ जम्मू-कश्मीर के माध्यम से प्रदेश की लोक कला, नृत्य, संगीत और परंपराओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत किया गया है।

बलवंत ठाकुर को वर्ष 2013 में पद्मश्री, 1999 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और 1992 में संस्कृति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के सचिव तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), जम्मू के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। मुंबई में होने वाले समारोह में उनकी भागीदारी को जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक पहचान और देश की विविध परंपराओं के बीच आपसी जुड़ाव को रेखांकित करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Next Story