जम्मू और कश्मीर

पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें अधिकारी : एडीसी

Admindelhi1
3 Oct 2026 11:50 AM IST
पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें अधिकारी : एडीसी
x
सरकारी योजनाओं के लाभ में पात्र लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर

बसोहली: सेवा पर्व 2026 के अंतिम दिन बसोहली उपजिला की सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा ने रेहान और घगरोड़ पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

एडीसी ने कहा कि ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य पंचायतों में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक हर हाल में पहुंचाया जाए और ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए। इस अवसर पर तहसीलदार बसोहली ने राजस्व विभाग की डिजिटल इंडिया के तहत उपलब्ध 42 ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। बीएमओ डॉ. रजनीश शर्मा ने आयुष्मान भारत योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए गोल्डन कार्ड सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। बीडीओ बसोहली राजेश कुमार ने बताया कि वीबीजी-रामजी योजना के तहत श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी।

आईसीडीएस परियोजना, कृषि विभाग, युवा सेवा एवं खेल विभाग, बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा सिंचाई विभाग के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्राम सभा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एडीसी से विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे। एडीसी ने लोगों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सरपंच, पूर्व पंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Story