जम्मू और कश्मीर

बच्चों की सेहत के लिए बड़ा कदम स्कूलों के पास फास्ट फूड बंद

nidhi
29 Aug 2026 7:48 AM IST
बच्चों की सेहत के लिए बड़ा कदम स्कूलों के पास फास्ट फूड बंद
x
जंक फूड बिक्री पर लगेगी पाबंदी

श्रीनगर : बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा फैसला लिया है। अब केंद्र शासित प्रदेश के किसी भी स्कूल के गेट से 50 मीटर के दायरे में जंक फूड की बिक्री, प्रचार और मार्केटिंग नहीं की जा सकेगी। FDA ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में खाद्य सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

FDA ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि Food Safety and Standards (Safe Food and Balanced Diets for Children in School) Regulations, 2020 का प्रभावी पालन कराया जाए। इसके तहत बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
स्कूल कैंपस में भी नहीं मिलेगा अस्वास्थ्यकर भोजन
नए निर्देशों के अनुसार स्कूल परिसर के अंदर ऐसे खाद्य पदार्थों की बिक्री या वितरण पर रोक रहेगी जिनमें ज्यादा मात्रा में सैचुरेटेड फैट, ट्रांस फैट, अतिरिक्त चीनी और नमक पाया जाता है। इसके अलावा स्कूल गेट से 50 मीटर तक के क्षेत्र में भी इन उत्पादों की बिक्री या विज्ञापन प्रतिबंधित रहेगा। इस फैसले का उद्देश्य बच्चों को मोटापा, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि कम उम्र में फास्ट फूड और अत्यधिक मीठे-नमकीन पदार्थों का ज्यादा सेवन स्वास्थ्य पर लंबे समय तक असर डाल सकता है।
स्कूल प्रबंधन की तय होगी जिम्मेदारी
FDA ने स्कूल प्रबंधन और भोजन उपलब्ध कराने वाले संस्थानों को भी जिम्मेदार बनाया है। स्कूल कैंटीन या फूड सर्विस चलाने वाले संस्थानों का खाद्य सुरक्षा कानून के तहत पंजीकृत या लाइसेंस प्राप्त होना जरूरी होगा। उन्हें स्वच्छता मानकों का पालन करना होगा। इसके साथ ही स्कूलों में फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाने और जरूरत के अनुसार फूड सेफ्टी सुपरवाइजर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हेल्थ एंड वेलनेस टीम करेगी निगरानी
FDA ने स्कूलों को हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर या हेल्थ एंड वेलनेस टीम बनाने की सलाह दी है, जो बच्चों को संतुलित आहार और सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक करेगी। स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच भी करनी होगी।
बच्चों को मिलेगा बेहतर खान-पान का माहौल
प्रशासन का मानना है कि स्कूल बच्चों के स्वास्थ्य और आदतों को विकसित करने की अहम जगह हैं। इसलिए जरूरी है कि वहां मिलने वाला भोजन पौष्टिक और सुरक्षित हो। जम्मू-कश्मीर FDA की यह पहल बच्चों को जंक फूड के बढ़ते प्रभाव से बचाने और स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Next Story