- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Kathua: बेखौफ चोरों ने...
Kathua: बेखौफ चोरों ने वार्ड-14 में घर को बनाया निशाना, लाखों का माल पार

कठुआ: कठुआ शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन बढ़ रही वारदातों के बीच ताजा मामला कठुआ शहर के वार्ड नंबर-14 सब्जी मंडी के समीप सामने आया है जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोना चांदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित सुषमा देवी अपने बहू के साथ बीते सोमवार को सांबा स्थित रिश्तेदार के घर अपने घर को ताला लगाकर गई थीं। मंगलवार को जब वे वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों की अलमारियां तोड़ी गई थीं और कीमती आभूषण व सामान गायब था।
घटना की सूचना तुरंत कठुआ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम के विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस गली में यह वारदात हुई वहां किसी भी घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं हालांकि नजदीक स्थित सब्जी मंडी में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित सुषमा देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं एक अबू धाबी में मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, दूसरा जम्मू-कश्मीर पुलिस में कांस्टेबल है और तीसरा श्रीनगर में प्लानिंग विभाग में तैनात है। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने पहले घर की रेकी की और यह सुनिश्चित किया कि घर में महिलाएं ही रहती हैं इसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि पुलिस समय-समय पर लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सतर्क रहने की सलाह देती रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





