जम्मू और कश्मीर

Kathua: विधायक जसरोटिया ने छात्रों को किया सम्मानित

Admindelhi1
25 April 2026 11:49 AM IST
Kathua: विधायक जसरोटिया ने छात्रों को किया सम्मानित
x

कठुआ: जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव जसरोटिया ने शुक्रवार को गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल हटली के 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों को सराहने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ केवल कृष्ण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक जसरोटिया ने छात्रों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही जिसका परिणाम इन उत्कृष्ट रिजल्ट्स के रूप में सामने आया है। हायर सेकेंडरी पार्ट-2 (2026) में स्कूल का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट रहा। साइंस स्ट्रीम में दीपशीखा ने 500 में से 492 अंक हासिल कर टॉप किया और मेरिट सूची में 6वां स्थान प्राप्त किया। जानबी देवी ने 489 अंक लेकर 9वां स्थान हासिल किया। अंजलि भदवाल और अरुषि राजपूत ने भी 483 के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

इसी प्रकार आर्ट्स स्ट्रीम में ललिता देवी ने 478 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनील सिंह ने 475 अंक प्राप्त किए। अन्य प्रमुख छात्रों में नरेंद्र सिंह और रिया देवी (94.6 प्रतिशत), नीतिका चैधरी (94.4 प्रतिशत), कविता रानी (93.8 प्रतिशत), लाल सिंह (92.6 प्रतिशत) और हर्षिका राजपूत (92.4 प्रतिशत) शामिल रहे। स्कूल का कुल परिणाम 97.92 प्रतिशत रहा, जिसमें 145 में से 143 छात्र सफल हुए। लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 98.38 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया, जबकि लड़कों का परिणाम 97.5 प्रतिशत रहा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक जसरोटिया ने छात्रों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने और अपने लक्ष्यों पर केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा ढांचे को और मजबूत करने का भी भरोसा दिलाया। यह परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत बल्कि शिक्षकों की समर्पित सेवा और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।

Next Story