जम्मू और कश्मीर

Kathua: क्षतिग्रस्त कॉजवे की मरम्मत के लिए विधायक के निर्देश

Admindelhi1
16 Sept 2026 10:53 AM IST
Kathua: क्षतिग्रस्त कॉजवे की मरम्मत के लिए विधायक के निर्देश
x
कॉजवे की खराब हालत पर विधायक ने लिया संज्ञान

कठुआ: कठुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. भारत भूषण ने शुक्रवार को ड्रीमलैंड पार्क के समीप क्षतिग्रस्त कॉजवे स्थल का दौरा कर मौके का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षति और मरम्मत कार्य को लेकर जानकारी हासिल की तथा लोगों को जल्द राहत देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉजवे की मरम्मत का कार्य एक दिन के भीतर शुरू किया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से जल्द निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि बारिश और तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों एवं पुलों की समयबद्ध मरम्मत जरूरी है ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

डॉ. भारत भूषण ने लोक निर्माण विभाग को ड्रीमलैंड पार्क के समीप क्षतिग्रस्त कॉजवे के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार होने के बाद आवश्यक धनराशि सरकार से उपलब्ध करवाने के लिए मामला आगे बढ़ाया जाएगा जिससे कॉजवे की स्थायी और बेहतर तरीके से मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

इसके साथ ही विधायक ने बरमोरा के समीप क्षतिग्रस्त पुल का भी विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों स्थानों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर सरकार के समक्ष भेजे जाएंगे ताकि पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था करवाकर लोगों को स्थायी राहत दी जा सके। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुए सार्वजनिक ढांचे की मरम्मत में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Next Story