जम्मू और कश्मीर

Kathua: मंत्री सकीना इटू ने कठुआ के खरोट मोड़ पीएचसी का उद्घाटन कर लोगों को दी खुशखबरी

Admindelhi1
12 March 2026 12:52 AM IST
Kathua: मंत्री सकीना इटू ने कठुआ के खरोट मोड़ पीएचसी का उद्घाटन कर लोगों को दी खुशखबरी
x

कठुआ: स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और समाज कल्याण मंत्री सकीना इटू ने कठुआ जिले के खरोट गांव में बुधवार को नए प्राइमरी हेल्थ सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण, डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज जम्मू, डायरेक्टर फैमिली वेलफेयर, डायरेक्टर सोशल वेलफेयर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए बहुत जल्द एक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

उद्घाटन के दौरान मंत्री सकीना इटू ने कहा कि नए पीएचसी के शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लोगों को बेहतर और समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने बताया कि स्थानीय लोगों ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा की भी मांग रखी है। इस पर उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन तभी उपलब्ध करवाई जा सकेगी जब इसके लिए प्रशिक्षित डॉक्टर और टेक्नीशियन उपलब्ध होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था होने पर इस सुविधा पर भी विचार किया जाएगा।

सकीना इटू ने कहा कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले बजट सत्र में जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एक-एक अतिरिक्त अल्ट्रासाउंड यूनिट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा, क्योंकि अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं और समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके। मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि स्कूल और उच्च शिक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बेहतर होने के कारण अब छात्रों के दाखिले भी बढ़े हैं और लोगों का रुझान फिर से सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ रहा है।

Next Story