जम्मू और कश्मीर

Kathua: कठुआ एमएसएमई में नेतृत्व परिवर्तन, वर्मा ने रोजगार को बनाया प्राथमिकता

Admindelhi1
2 Feb 2026 7:51 PM IST
Kathua: कठुआ एमएसएमई में नेतृत्व परिवर्तन, वर्मा ने रोजगार को बनाया प्राथमिकता
x

कठुआ: कठुआ एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया, जिसमें युवा उद्यमी विक्रांत वर्मा को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा उनका हार्दिक स्वागत किया गया।

कठुआ एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने जाने पर विक्रांत वर्मा ने कठुआ इंडस्ट्रियल एसोसिएशन सहित सभी उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके पिता स्वर्गीय देविंद्र वर्मा और उद्योग जगत के साथियों का बड़ा योगदान है। विक्रांत वर्मा ने कहा कि जिस तरह उनके पिता ने समाज और उद्योग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें समाधान तक पहुंचाया, उसी उद्देश्य को लेकर उनकी पूरी टीम काम करेगी। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में उन्होंने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित विभिन्न सरकारी अधिकारियों के साथ 15 से 20 बैठकें कर एमएसएमई उद्योगों की समस्याएं मजबूती से रखी हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से एमएसएमई सेक्टर की समस्याओं की सुनवाई सही ढंग से नहीं हो पा रही थी, इसी को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन का गठन किया गया है। बैठक में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों ने संगठन को समर्थन दिया, जबकि अन्य उद्योगपतियों ने फोन के माध्यम से भी अपना समर्थन जताया। विक्रांत वर्मा ने स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि एमएसएमई उद्योगों का उद्देश्य अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार देना है। संगठन के माध्यम से स्थानीय नियुक्ति और स्थानीय संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ठोस पहल की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इंडस्ट्रियल एसोसिएशन उद्योगों और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करेगी, ताकि उद्योगों को सुचारु रूप से चलाया जा सके और निवेश के नए अवसर पैदा हों। इस अवसर पर ट्रक यूनियन कठुआ ने भी विक्रांत वर्मा को समर्थन देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में मुख्य संरक्षक प्रदीप अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश बजाज और ऋषि जैन, महासचिव सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष नितीश महाजन, पीआरओ नरेंद्र मिश्रा, चेयरमैन रविंदर शर्मा। इसी प्रकार कैबिनेट बॉडी सदस्यों में विकास शर्मा, प्रवीण गुप्ता, सौरभ गुप्ता, अमित गुप्ता, अरुण मल्ही, दिवांशु महाजन को शामिल किया गया।

Next Story