जम्मू और कश्मीर

Kathua: आधुनिक तकनीक से खेती को बनाएं बेहतर, गांवों की अर्थव्यवस्था होगी मजबूत : राजीव जसरोटिया

Admindelhi1
15 Aug 2026 1:52 PM IST
Kathua: आधुनिक तकनीक से खेती को बनाएं बेहतर, गांवों की अर्थव्यवस्था होगी मजबूत : राजीव जसरोटिया
x
किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

कठुआ: जसरोटा के भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने किसानों से आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और संस्थागत सहयोग का लाभ उठाकर कृषि को लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर के तहत बरनोटी में आयोजित सम्मेलन सह-कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे राजीव जसरोटिया ने कहा कि कृषि और बागवानी ग्रामीण अर्थव्यवस्था के मजबूत आधार हैं। पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन, वैज्ञानिक कटाई-पश्चात प्रबंधन और बेहतर बाजार संपर्क को बढ़ावा देकर किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।

उन्होंने किसानों से मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर के तहत उपलब्ध सुविधाओं और प्रोत्साहनों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

मुख्य कृषि अधिकारी कठुआ जितेंद्र खजूरिया ने एमआईडीएच की विभिन्न योजनाओं और क्लस्टर आधारित बागवानी विकास की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से किसानों को सरकारी योजनाओं, सामूहिक विपणन और बेहतर बाजार अवसरों का लाभ मिल सकता है।

कार्यशाला में कृषि, बागवानी, पशुपालन, भेड़पालन सहित विभिन्न विभागों एवं संबद्ध संस्थाओं ने सूचना स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, एकीकृत खेती और संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने की जानकारी दी। आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों ने अधिकारियों के साथ संवाद कर विभिन्न योजनाओं के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में मुख्य पशुपालन अधिकारी डॉ. जुगल किशोर, जिला भेड़पालन अधिकारी आर के मनहास, जिला केवीके अधिकारी विशाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

Next Story