जम्मू और कश्मीर

Kathua: लखनपुर कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

Admindelhi1
9 July 2026 5:25 PM IST
Kathua: लखनपुर कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
x
आस्था के रंग में रंगा लखनपुर कॉरिडोर, हजारों श्रद्धालु रवाना

कठुआ: जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर स्थित बाबा अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा लखनपुर कॉरिडोर में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक और बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

लखनपुर कॉरिडोर केंद्र पर श्रद्धालुओं के लिए आरएफआईडी और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाता है। इस दौरान यात्रियों के ठहराव के लिए विश्रामगृह, कूलर, पंखे, लंगर, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन के इन प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। आधार शिविर में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के भजन-कीर्तन में लीन नजर आ रहे हैं जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। यात्रियों के लिए शिविर में बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है जिस पर बाबा अमरनाथ और जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दृश्य दिखाए जा रहे हैं।

लखनपुर कॉरिडोर में दो लंगर संचालित किए जा रहे हैं जहां प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के व्यंजन श्रद्धालुओं को परोसे जा रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं को जम्मू की ओर भेजा जा रहा है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और वालंटियर भी यात्रियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरा लखनपुर बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है। पिछले नौ दिनों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु लखनपुर से होकर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं।

Next Story