जम्मू और कश्मीर

Kathua: भारी बारिश से लखनपुर, कठुआ और बिलावर में जनजीवन प्रभावित

Admindelhi1
26 Jun 2026 12:01 PM IST
Kathua: भारी बारिश से लखनपुर, कठुआ और बिलावर में जनजीवन प्रभावित
x
लखनपुर से बिलावर तक बारिश का कहर, यातायात प्रभावित

कठुआ: जिले में गुरुवार सुबह हुई लगातार तीन घंटे की मूसलाधार बारिश ने पूरे जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बारिश के चलते जिले के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे ज्यादा प्रभावित जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार लखनपुर रहा जहां पूरा इलाका जलमग्न हो गया। मुख्य कारण सड़कों के किनारे बने निकासी नालों का पूरी तरह जाम होना बताया जा रहा है। इसके चलते बसोहली मोड़ लखनपुर के आसपास पानी भर गया और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।

इसी तरह हटली मोड़ के पास भी भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया जिससे वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कठुआ शहर में भी हालात बेहतर नहीं रहे। शहर की नालियों के जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह निकला और जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए। इस स्थिति ने नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी।

इसके अलावा कठुआ से बिलावर जाने वाले मार्ग पर दयालाचक-रामकोट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण पहाड़ी मलबा सड़क पर आ गिरा जिससे कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि आगामी दिनों में बाबा अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है। ऐसे में प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारू बनाने के लिए तैयारियों के दावे किए जा रहे हैं लेकिन इस बारिश ने इन दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है। फिलहाल जिला प्रशासन द्वारा सड़कों की मरम्मत और यातायात बहाली के लिए कार्य तेज कर दिया गया है ताकि स्थिति को जल्द सामान्य किया जा सके।

Next Story