जम्मू और कश्मीर

Kathua: कठुआ में वन विभाग का अभियान, पॉलिथीन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

Admindelhi1
30 Jan 2026 8:42 PM IST
Kathua: कठुआ में वन विभाग का अभियान, पॉलिथीन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
x

कठुआ: प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कठुआ वन विभाग ने पंजाब से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर रहे एक ट्रक से 118 बैग प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद कर ट्रक सहित जब्त कर लिया, जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह कार्रवाई डीएफओ कठुआ अंकित सिन्हा आईएफएस के समग्र पर्यवेक्षण में तथा रेंज अधिकारी कठुआ नितिन खजुरिया की देखरेख में की गई। वन विभाग की टीम ने जम्मू-कश्मीर और पंजाब को जोड़ने वाले किढ़िया-गंड़ियाल मार्ग पर लगाए गए नाके के दौरान ट्रक संख्या पीबी08एफएम-2205 को जांच के लिए रोका, जो पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर रहा था। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन के बैग बरामद किए गए। इसके बाद ट्रक को जब्त कर रेंज ऑफिस कठुआ कार्यालय लाया गया, वहीं चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

रेंज अधिकारी नितिन खजुरिया ने बताया कि कुल 118 बैग प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई है और यह मामला एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त नेक्सस को जल्द ही बेनकाब किया जाएगा। रेंज अधिकारी ने आम जनता से भी अपील की कि केवल विभागीय कार्रवाई से ही पॉलिथीन पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती। इसके लिए जनसहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से पॉलिथीन का उपयोग बंद कर कपड़े या जूट के थैलों को अपनाने की अपील की। फिलहाल वन विभाग द्वारा ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Next Story