जम्मू और कश्मीर

Kathua: कर्मचारियों ने सर्विस रूल की मांग को लेकर खोला मोर्चा, एलजी से लगाई गुहार

Admindelhi1
21 Aug 2026 10:06 AM IST
Kathua: कर्मचारियों ने सर्विस रूल की मांग को लेकर खोला मोर्चा, एलजी से लगाई गुहार
x
सर्विस रूल की मांग पर हड़ताल, कर्मचारियों ने एलजी से हस्तक्षेप की अपील की

कठुआ: जीएमसी कठुआ के नॉन-गजेटेड कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को हीरानगर के सीमावर्ती गांव करोल कृष्ण में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पिछले कई दिनों से लंबित सर्विस रूल बनाने की मांग को लेकर उपराज्यपाल को एक फाइल सौंपते हुए मामले में शीघ्र हस्तक्षेप की गुहार लगाई।

नॉन-गजेटेड कर्मचारियों के सदस्य नीरज ने बताया कि कर्मचारी अपनी लंबित मांग को लेकर पिछले चार दिनों से हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि सर्विस रूल से जुड़ी मांग को लेकर कर्मचारी लगातार सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहे हैं लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उन्हें जानकारी मिली कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा हीरानगर के सीमावर्ती गांव करोल कृष्णा का दौरा करने पहुंच रहे हैं। इसके बाद कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल वहां पहुंचा और उपराज्यपाल से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने सर्विस रूल से संबंधित फाइल उपराज्यपाल को सौंपते हुए कर्मचारियों की मांग पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया।

कर्मचारियों के अनुसार उपराज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और मामले में जल्द संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। नीरज ने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि उपराज्यपाल के हस्तक्षेप के बाद लंबे समय से लंबित सर्विस रूल की मांग का जल्द समाधान होगा और कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

Next Story