जम्मू और कश्मीर

Kathua: अटल सेतु पर वॉकाथॉन से गूंजा फिटनेस और महिला सशक्तिकरण

Admindelhi1
7 March 2026 9:31 PM IST
Kathua: अटल सेतु पर वॉकाथॉन से गूंजा फिटनेस और महिला सशक्तिकरण
x

कठुआ: जिला प्रशासन कठुआ द्वारा 2 से 8 मार्च तक मनाए जा रहे महिला सप्ताह के तहत शनिवार को बसोहली के प्रतिष्ठित अटल सेतु पुल से महिलाओं के सशक्तिकरण, फिटनेस और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वॉकाथॉन का आयोजन किया गया।

वॉकाथॉन को अतिरिक्त उपायुक्त बसोहली पंकज बगोत्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं, छात्राओं और सामाजिक संगठनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं बल्कि समाज में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी मजबूत करते हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, छात्राओं और विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जोन बसोहली के पांच स्कूलों की करीब 90 छात्राओं सहित स्थानीय महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक वॉकाथॉन में हिस्सा लिया।

वॉकाथॉन अटल सेतु के जम्मू-कश्मीर छोर से शुरू होकर पुल पार करते हुए पंजाब की ओर और फिर बसोहली नगर की ओर बढ़ी। इस दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा, बीडीओ बसोहली राजेश कुमार, जीएमएचएसएस बसोहली के प्रिंसिपल बृज भूषण शर्मा, जेडपीईओ बसोहली तारा सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सीडीपीओ बसोहली राकेश कुमार की निगरानी में किया गया।

Next Story