जम्मू और कश्मीर

कश्मीर घाटी जश्न के लिए तैयार, बादामबाड़ी में बादाम के पेड़ों पर खिले सफेद और जामुनी फूल

Renuka Sahu
16 March 2022 1:53 AM GMT
कश्मीर घाटी जश्न के लिए तैयार, बादामबाड़ी में बादाम के पेड़ों पर खिले सफेद और जामुनी फूल
x

फाइल फोटो 

कश्मीर घाटी में बादाम के पेड़ों पर हलके सफेद और जामुनी रंग के फूलों का खिलना बहार के मौसम के आगमन का संकेत हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कश्मीर घाटी में बादाम के पेड़ों पर हलके सफेद और जामुनी रंग के फूलों का खिलना बहार के मौसम के आगमन का संकेत हैं। बादामबाड़ी में इसके फूलों की पंखुड़ियों का खुलना बताता है कि जल्द ठंडी वादियां पर्यटकों से गुलजार होंगी। इसको देखते हुए कश्मीर का पर्यटन विभाग भी विभिन्न बागों में जश्न-ए-बहार मनाने की तैयारी का रहा है। इसकी शुरुआत भी जल्द बादामबाड़ी से होगी। कश्मीर में बर्फबारी के बाद बादाम के यह फूल सबसे पहले खिलते हैं। इसलिए भी यह विशेष आकर्षण का केंद्र बनते हैं।

300 कनाल भूमि पर कोहे मारां पर्वत के नीचे स्थित बादामबाड़ी में करीब एक हजार से अधिक बादाम के पेड़ हैं। पर्यटन विभाग के निदेशक जीएन इत्तू ने कहा कि मौसम-ए-बहार में हम चाहते हैं कि पर्यटकों को नया अनुभव मिले। इसलिए विभाग इस वर्ष इस मौसम को जश्न के रूप में मनाएगा। उन्होंने कहा कि आम तौर पर यह मौसम केवल ट्यूलिप उत्सव मनाने तक ही सीमित रहता है। लेकिन ट्यूलिप के फूल मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में आते हैं। इसलिए इस बार हमने अन्य फूलों के खिलने पर भी जश्न मनाने का फैसला किया है। यह जश्न बदामबाड़ी से शुरू करते हैं।
इस मौसम में पर्यटकों के आगमन के टूटेंगे सभी रिकॉर्ड
बादामबाड़ी की तरफ स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक आकर्षित हो रहे हैं। सोशल नेटवर्किंग साइट्स बादाम के फूलों की तस्वीरों से भरी पड़ी हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस मौसम में पर्यटकों के आगमन के सभी रिकॉर्ड टूटेंगे। घाटी में पहले से मौजूद सैलानी फूलों के नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं। दिल्ली से आए विशाल ने कहा कि दृश्य मन मोहने वाले हैं। एक अलग ही अनुभव हुआ। पर्यटक वासु ने कहा कि खुशकिस्मती है कि बहार के आगमन पर हमें यह दृश्य देखने को मिला।
ट्यूलिप गार्डन खुलने के बाद पर्यटकों की बढ़ेगी संख्या
सरकार मौसम-ए-बहार की शुरूआत में पर्यटन के साथ-साथ इन बागों को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। कोरोना के बाद पर्यटक कारोबारियों को उम्मीद है कि इस साल वे नुकसान की भरपाई करने में सक्षम होंगे, क्योंकि साल की शुरुआत के दो महीनों में ही गुलमर्ग में पर्यटकों की संख्या एक लाख को पार कर चुकी थी। वहीं एक अधिकारी ने बताया कि 20 मार्च के बाद ट्यूलिप गार्डन के खुलने को लेकर फैसला किया जाएगा। इसके साथ पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
Next Story