जम्मू और कश्मीर

जेकेडीएफए और भाजपा किसान मोर्चा ने डेयरी किसानों से की चर्चा

Admindelhi1
29 Oct 2026 12:05 PM IST
जेकेडीएफए और भाजपा किसान मोर्चा ने डेयरी किसानों से की चर्चा
x
डेयरी किसानों की समस्याओं पर बैठक, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

जम्मू: जम्मू-कश्मीर डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (जेकेडीएफए) और भाजपा किसान मोर्चा की ओर से जम्मू में किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें डेयरी किसानों की समस्याओं, उनकी मांगों और डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की गई।

राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं को संसद के आगामी सत्र में चर्चा के लिए उठाया जाएगा।

सम्मेलन में जेकेडीएफए के चेयरमैन नरेंद्र सिंह भाऊ, अध्यक्ष संदीप सिंह छिब, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश पंथ और पशुपालन विभाग जम्मू के निदेशक डॉ. युगल किशोर सहित कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्सक और बड़ी संख्या में डेयरी किसान शामिल हुए। इस दौरान जेकेडीएफए ने सत शर्मा को ज्ञापन सौंपकर डेयरी क्षेत्र के लिए नीतिगत सहयोग, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

सम्मेलन के दौरान किसानों और पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. युगल किशोर के बीच सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित किया गया। किसानों ने रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली समस्याएं रखीं जिन पर निदेशक ने उनसे सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया। जेकेडीएफए ने कहा कि संगठन डेयरी किसानों की मांगों को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष उठाने के लिए प्रयास जारी रखेगा।

Next Story