जम्मू और कश्मीर

J&K : विदेश में नौकरी के नाम पर भेजे गए युवक की संदिग्ध मौत

Kavita2
26 May 2026 2:22 PM IST
J&K : विदेश में नौकरी के नाम पर भेजे गए युवक की संदिग्ध मौत
x

Jammu जम्मू: आरएसपुरा क्षेत्र के एक युवक की विदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान गांव महेलूवाल निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। रविवार को परिवार को उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद घर में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार रवि कुमार को बेहतर रोजगार का झांसा देकर एक एजेंट के माध्यम से दिसंबर 2025 में विदेश भेजा गया था। परिवार का आरोप है कि एजेंट ने उसे दुबई में अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए।

परिजनों ने बताया कि रवि के विदेश पहुंचने के बाद उसे जॉर्जिया भेजने की बात कही गई। इस दौरान एजेंट द्वारा लगातार पैसे की मांग की जाती रही। परिवार का कहना है कि उन्होंने भरोसा करके समय-समय पर भुगतान भी किया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

रविवार को जब परिजनों को रवि कुमार की मौत की सूचना मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोग बड़ी संख्या में परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

परिजनों ने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए एजेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रवि को गलत तरीके से विदेश भेजा गया और उसे वहां कठिन परिस्थितियों में छोड़ दिया गया, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई।

स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और सरकार से मांग की है कि ऐसे एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो युवाओं को रोजगार का झूठा सपना दिखाकर विदेश भेजते हैं।

फिलहाल प्रशासन को इस मामले की जानकारी दे दी गई है और आगे की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, परिवार अपने बेटे के शव को भारत लाने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Next Story