- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- J&K: जम्मू के...
J&K: जम्मू के सीमावर्ती अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे नियुक्त

Jammu.जम्मू। जम्मू संभाग के सीमांत क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में आने वाले दिनों में सुविधाएं बेहतर होंगी। इन अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के साथ ही जांच सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य निदेशालय जम्मू कदम उठा रहा है। हाल ही में सीमांत क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी के दौरान स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. अब्दुल हमीद जरगर ने पुंछ और राजौरी जिलों में जाकर सुविधाओं का जायजा लिया। जम्मू संभाग में तीन जिले कठुआ, सांबा और जम्मू अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हैं, जबकि राजौरी और पुंछ नियंत्रण रेखा के पास हैं।
इन सभी जिलों में कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपजिला अस्पताल और जिला अस्पताल भी हैं, लेकिन इनमें से अधिकतर में डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की कमी है। नियंत्रण रेखा से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित चौकीचौरा ट्रॉमा अस्पताल में भी स्टाफ और सुविधाओं का अभाव है। कोई आपदा आने पर घायलों को उपचार के लिए इन जिलों के मेडिकल कॉलेजों में लाया जाता है। अधिकतर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू लाया जाता है। ऐसा न हो, इसके लिए सीमांत क्षेत्रों के अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी है।





