जम्मू और कश्मीर

Jammu : तवी नदी में दर्दनाक हादसा, मवेशियों को पानी पिलाने गई युवती डूबी, शव बरामद

Kavita2
27 May 2026 3:27 PM IST
Jammu : तवी नदी में दर्दनाक हादसा, मवेशियों को पानी पिलाने गई युवती डूबी, शव बरामद
x

Jammu जम्मू: धमपुर जिले के तोल्डी नाला क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तवी नदी में डूबने से एक युवती की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद युवती का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

मृतका की पहचान अनीता कुमारी (22), पुत्री बिट्टा सिंह, निवासी बांत के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शव गृह में रखवा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अनीता मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने छोटे भाई के साथ बांत पुल के पास तवी नदी पर मवेशियों को पानी पिलाने के लिए गई थी। इसी दौरान पानी भरने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गई।

घटना के बाद उसके साथ मौजूद छोटे भाई ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया।

तेज बहाव और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवती के शव को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात या तेज बहाव के समय नदियों के किनारे सतर्क रहें और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Next Story