जम्मू और कश्मीर

Jammu: नटरंग के समारोह में रंगकर्मियों को मिला सम्मान

Admindelhi1
16 May 2026 12:44 PM IST
Jammu: नटरंग के समारोह में रंगकर्मियों को मिला सम्मान
x

जम्मू: जम्मू के अभिनव थिएटर में शुक्रवार को नटरंग का 44वां स्थापना दिवस भव्य सांस्कृतिक समारोह के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में कला और रंगमंच से जुड़े अनेक कलाकारों एवं रंगकर्मियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. देवांश यादव थे।

इस अवसर पर बलवंत ठाकुर ने नटरंग के 43 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और सांस्कृतिक यात्रा को विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा कि यदि नटरंग नहीं होता तो डोगरी रंगमंच और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि नटरंग ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट इंटरनेशनल थिएटर फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व कर इतिहास रचा था और डोगरी भाषा को वैश्विक मंच तक पहुंचाया।

बलवंत ठाकुर ने कहा कि पिछले 43 वर्षों में नटरंग ने 7600 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए और 385 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय थिएटर एवं सांस्कृतिक समारोहों में भाग लिया। उन्होंने बताया कि संस्था ने रूस, जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर, तुर्की, पोलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मॉरीशस, यूएई सहित कई देशों में जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक पहचान को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि नटरंग ने चिल्ड्रन थिएटर, थिएटर लैब, संडे थिएटर, थिएटर रिपर्टरी और बड़े सांस्कृतिक आयोजनों जैसी पहल के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा भर दी। वर्ष 2023 में जी-20 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व कर नटरंग ने वैश्विक स्तर पर सराहना हासिल की।

कार्यक्रम में अरविंद आनंद, संजीव लूथरा, सूरज सिंह, विजय भट्ट, नीरज कांत, अनिल टिक्कू, संजीव गुप्ता, पंकज शर्मा, सुभाष जम्वाल, विक्रांत शर्मा, सुमीत शर्मा, मोहम्मद यासीन, राहुल सिंह, पवन वर्मा, मीनाक्षी भगत, शिवम सिंह, कननप्रीत कौर, आदेश धर, मिताली सर्मल, बृजेश अवतार शर्मा और अन्य कलाकारों को सम्मानित किया गया। बलवंत ठाकुर ने कहा कि नटरंग अब जम्मू को अंतरराष्ट्रीय थिएटर और परफॉर्मिंग आर्ट्स हब बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके तहत जम्मू में अत्याधुनिक थिएटर कैंपस, स्टूडियो थिएटर, रिसोर्स सेंटर और बच्चों के सांस्कृतिक परिसर की स्थापना की योजना पर काम किया जा रहा है।

समारोह के अंत में बलवंत ठाकुर ने कलाकारों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नटरंग की सांस्कृतिक यात्रा आने वाली पीढ़ियों तक जारी रहेगी। “द शो मस्ट गो ऑन” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Next Story