- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: एसएमवीडीयू ने...
Jammu: एसएमवीडीयू ने सतत विकास पर किया ज्ञान सत्र का आयोजन

जम्मू: श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा में एएनआरएफ–पेअर कार्यक्रम के तहत ड्रीम्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए एडवांस्ड मटेरियल्स विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ तथा अन्य सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर आयोजित किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रगति कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें संस्थानों के बीच सहयोगात्मक शोध और बहु-विषयक भागीदारी को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संजीव आनंद के स्वागत भाषण से हुई जिसमें उन्होंने ड्रीम्स प्रोजेक्ट के उद्देश्यों और शोध सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट डॉ. ए. के. दास ने भी उन्नत मटेरियल्स के क्षेत्र में शोध और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला में स्मार्ट एवं फंक्शनल मटेरियल्स, ग्रीन और सस्टेनेबल मटेरियल्स, ऊर्जा एवं पर्यावरण से जुड़े मटेरियल्स, सर्कुलर इकॉनमी और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग जैसे विषयों पर चर्चा की गई। तकनीकी सत्रों में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जम्मू के डॉ. वी. राज कुमार, एसएमवीडीयू के डॉ. मीर इरफान उल हक तथा मणिपाल विश्वविद्यालय जयपुर के प्रो. आर. के. शर्मा ने अपने विचार साझा किए।
कार्यशाला में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी जम्मू सहित कई संस्थानों के शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन के पेयर प्रोग्राम के तहत आयोजित किया गया जिसके अंतर्गत एसएमवीडीयू को उन्नत मटेरियल्स में शोध के लिए 10.5 करोड़ रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम का समापन प्रोजेक्ट के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर डॉ. अंकुश रैना के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।





