जम्मू और कश्मीर

Jammu: जम्मू में एसडीआरएफ की पहल, छात्राओं के लिए रेस्क्यू व राहत प्रशिक्षण शुरू

Admindelhi1
13 Jun 2026 2:01 PM IST
Jammu: जम्मू में एसडीआरएफ की पहल, छात्राओं के लिए रेस्क्यू व राहत प्रशिक्षण शुरू
x
एसडीआरएफ देगा आपदा राहत और रेस्क्यू का व्यावहारिक प्रशिक्षण

जम्मू: गवर्नमेंट विमेन कॉलेज, गांधी नगर जम्मू की छात्राओं के लिए बेसिक डिजास्टर मैनेजमेंट पर 10 दिवसीय इंटर्नशिप कोर्स का शुभारंभ एसडीआरएफ द्वितीय बटालियन मुख्यालय, जम्मू में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीआरएफ द्वितीय बटालियन के कमांडेंट मोहम्मद असलम (आईपीएस) ने किया। इस अवसर पर डीएसपी दिनेश गुप्ता, डीएसपी रोहित देव सिंह, डीएसपी ललित कुमार तथा बटालियन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र के दौरान डीएसपी (प्रशिक्षण) रोहित देव सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आपदा प्रबंधन इंटर्नशिप कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को अनिवार्य बनाया गया है ताकि छात्र-छात्राएं आपदा के समय प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों और उपकरणों की जानकारी देकर उन्हें प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।

डीएसपी ललित कुमार ने छात्राओं के बीच आपदा जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्हें प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं डीएसपी दिनेश गुप्ता ने आपदा की स्थिति में सामुदायिक भागीदारी और समन्वित प्रतिक्रिया की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को अपने मोबाइल फोन में ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी तथा वर्ष 2014 की कश्मीर बाढ़, चाशोटी-किश्तवाड़ की आपदा और जम्मू क्षेत्र में आई बाढ़ जैसी घटनाओं की जानकारी भी दी। कमांडेंट मोहम्मद असलम ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दैनिक जीवन में भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि छात्राएं इस प्रशिक्षण के माध्यम से आवश्यक ज्ञान और जीवनरक्षक कौशल प्राप्त कर आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं के लिए एनडीआरएफ, टीपीएल कोट भलवाल तथा तवी नदी बजालता में बोटिंग एवं रेस्क्यू तकनीकों का विशेष प्रदर्शन और अध्ययन भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।

Next Story