जम्मू और कश्मीर

Jammu: नटरंग के मंच पर गूंजा व्यंग्य और राजनीति का ताना-बाना

Admindelhi1
8 Jun 2026 12:46 PM IST
Jammu: नटरंग के मंच पर गूंजा व्यंग्य और राजनीति का ताना-बाना
x
संडे थिएटर में राजनीतिक व्यंग्य का प्रभावी मंचन

जम्मू: नटरंग के साप्ताहिक रंगमंच कार्यक्रम ‘संडे थिएटर’ के अंतर्गत नटरंग स्टूडियो थिएटर में चर्चित नाटक ‘टोपियां’ का मंचन किया गया। प्रसिद्ध नाटककार मणि मधुकर द्वारा लिखित इस राजनीतिक व्यंग्य नाटक का निर्देशन नीरज कांत ने किया।

नाटक में अवसरवादी राजनीति पर तीखा व्यंग्य करते हुए दिखाया गया कि किस प्रकार कुछ नेता सत्ता में बने रहने के लिए बार-बार अपना रूप, विचारधारा और राजनीतिक प्रतीक बदलते रहते हैं जबकि उनकी मूल सोच और सत्ता की लालसा वही रहती है। कहानी दो पड़ोसियों के इर्द-गिर्द घूमती है जो राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव की तलाश करते हैं लेकिन हर बार नए चेहरे और नए वादों के पीछे छिपे उसी व्यक्ति द्वारा ठगे जाते हैं।

नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राजनीतिक प्रतीकों, गठबंधनों और नारों के बदलने के बावजूद कई बार सत्ता की राजनीति का चरित्र नहीं बदलता। नाटक में व्यंग्य, प्रतीकात्मकता और हास्य के जरिए सामाजिक एवं राजनीतिक यथार्थ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नटरंग के निदेशक पद्मश्री बलवंत ठाकुर ने कहा कि ‘टोपियां’ केवल पात्रों की कहानी नहीं बल्कि बदलती पहचान, राजनीतिक मुखौटों और अवसरवादिता का प्रतीकात्मक चित्रण है। उन्होंने बताया कि नाटक का शीर्षक स्वयं सत्ता के लिए बदलते रंगों और विचारधाराओं का प्रतीक बनकर उभरता है।

नाटक में दो पड़ोसियों की भूमिका कुशल भट्ट और आकाश वाधवान ने प्रभावशाली ढंग से निभाई जबकि आदेश धर ने भी अपने अभिनय से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। प्रकाश एवं संगीत संयोजन नीरज कांत ने किया तथा प्रस्तुति प्रबंधन की जिम्मेदारी महिक्षित सिंह ने संभाली। कार्यक्रम में उपस्थित रंगप्रेमियों ने कलाकारों के अभिनय और नाटक के सामाजिक संदेश की सराहना की।

Next Story