जम्मू और कश्मीर

Jammu: जम्मू में 15 मार्च को धार्मिक आयोजन, पापमोचनी एकादशी व्रत

Admindelhi1
12 March 2026 2:16 AM IST
Jammu: जम्मू में 15 मार्च को धार्मिक आयोजन, पापमोचनी एकादशी व्रत
x

जम्मू: जम्मू क्षेत्र में चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की पापमोचनी एकादशी का व्रत 15 मार्च रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ रखा जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए रोहित शास्त्री, प्रधान महंत श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट ने बताया कि एकादशी तिथि 14 मार्च सुबह 8:11 बजे शुरू होकर 15 मार्च सुबह 9:17 बजे समाप्त होगी, जबकि सूर्योदय व्यापिनी तिथि 15 मार्च को होने के कारण व्रत इसी दिन रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पापमोचनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। धर्मग्रंथों के अनुसार इस दिन विधि-विधान से व्रत और पूजा करने से मन के बुरे विचार समाप्त होते हैं तथा व्यक्ति को अश्वमेध यज्ञ, जप, तप और तीर्थ स्नान से भी अधिक पुण्य फल प्राप्त होता है।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस दिन भक्त विष्णु, लक्ष्मी नारायण, कृष्ण, राम और शिव की पूजा-अर्चना करते हैं और लक्ष्मी-नारायण की कथा व आरती का श्रवण करना शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि एकादशी व्रत केवल धार्मिक ही नहीं बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। इस दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को चावल और तामसिक भोजन से परहेज करना चाहिए तथा सात्विक आहार ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि इस पावन दिन ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, फल और दक्षिणा का दान कर पुण्य अर्जित करें। जम्मू क्षेत्र के मंदिरों और घरों में इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।

Next Story