- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: माघ पूर्णिमा के...
Jammu: माघ पूर्णिमा के अवसर पर जम्मू में धार्मिक आयोजन

जम्मू: माघ पूर्णिमा का पर्व इस वर्ष जम्मू सहित पूरे देश में 1 फरवरी, रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। माघ माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि सुबह 5:52 बजे से प्रारंभ होकर 2 फरवरी की सुबह 3:38 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार माघ पूर्णिमा 1 फरवरी को ही मनाई जाएगी। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, प्रीति योग, आयुष्मान योग और रवि पुष्य योग जैसे अत्यंत शुभ संयोग बन रहे हैं। विशेष रूप से रवि पुष्य योग सुबह 7:11 बजे से रात 11:59 बजे तक रहेगा जिसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत फलदायी माना गया है।
जम्मू के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों में माघ पूर्णिमा पर भगवान श्री सत्यनारायण की कथा, भगवान विष्णु, शिव, माता पार्वती, गणेश एवं चंद्रदेव की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु इस अवसर पर व्रत, दान और सात्विक आचरण को विशेष महत्व देंगे। धर्मग्रंथों के अनुसार माघ पूर्णिमा पर पवित्र स्नान का विशेष महत्व है। जम्मू क्षेत्र में श्रद्धालु नदी-नालों, सरोवरों अथवा घर पर गंगाजल मिलाकर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे और जरूरतमंदों को यथाशक्ति दान करेंगे। शास्त्रों में इस दिन तामसिक भोजन, नशे और असंयमित आचरण से दूर रहने की सलाह दी गई है। सात्विक भोजन और संयम को धर्म एवं जीवन दोनों के लिए लाभकारी बताया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी दिन श्री गुरु रविदास जयंती एवं श्री ललिता जयंती भी मनाई जाएगी जिससे जम्मू में धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की आस्था और अधिक बढ़ेगी।





