- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: राणा ने जल...
Jammu: राणा ने जल शक्ति विभाग को निर्देशित किया, काम में देरी नहीं होनी चाहिए

जम्मू: मंत्री जावेद अहमद राणा ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली और चल रही योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की कड़ी निगरानी, जवाबदेही और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शालीन काबरा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने कमजोर प्रदर्शन करने वाले डिवीजनों को फटकार लगाते हुए कहा कि काम में देरी और लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर के कर्मचारी विभाग की रीढ़ हैं और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका है। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण और संसाधनों के सतत प्रबंधन पर भी जोर दिया, क्योंकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में कम बारिश के कारण जल संकट जैसी स्थिति बन रही है।
बैठक में बताया गया कि हर घर जल योजना के तहत 1,379 गांवों में से 874 गांवों को अब तक प्रमाणित किया जा चुका है और शेष गांवों का प्रमाणन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा यूटी कैपेक्स बजट 2025-26 के तहत 762 कार्यों में से 551 पर काम शुरू हो चुका है और 161 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। विभाग ने गर्मियों में पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए 308 जलापूर्ति योजनाओं में डीजी सेट के माध्यम से बैकअप बिजली व्यवस्था भी की है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को बिना रुकावट पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए समन्वय के साथ काम किया जाए।





